वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की तत्परता से मदरसा जाते समय लापता हुआ आठ वर्षीय बालक कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर लिया गया। बालक के मिलने पर उसके माता-पिता ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब आठ बजे शास्त्री नगर, गोला बाजार निवासी नसरुद्दीन अपने आठ वर्षीय पुत्र मोहम्मद आरिस को मदरसा बंजरिया पश्चिम के गेट के पास छोड़कर घर चले गए। कुछ समय बाद जब पता चला कि आरिस मदरसे में नहीं पहुंचा है तो परिजनों में हड़कंप मच गया। बालक की तलाश करने के बाद उसके पिता नसरुद्दीन पत्नी के साथ कोतवाली खलीलाबाद पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल बालक की तलाश शुरू कर दी। आरक्षी जितेंद्र सोनी और आरक्षी जनार्दन प्रसाद, चीता मोबाइल गोला बाजार ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। पुलिस टीम ने गोला बाजार स्थित टावर के पास बालक मोहम्मद आरिस को सकुशल घूमते हुए बरामद कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment