बस्ती। ग्रामीण नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय डारीडीहा में ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी की ओर से विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), बस्ती के सचिव देवेंद्र कुमार-प्रथम के निर्देशन में हुआ, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, आरटीआई सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर जागरूक किया गया। जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी बताया गया।
चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में DLSA से संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के अध्यक्ष प्रभाकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव में कई लोग अपने कानूनी अधिकारों और विधिक सहायता का लाभ नहीं उठा पाते। संस्था का प्रयास सही कानूनी जानकारी को ग्रामीणों तक पहुंचाकर उन्हें न्याय की प्रक्रिया से जोड़ना है।
शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलजा पाण्डेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल नीतीश कुमार श्रीवास्तव तथा पैरालीगल वालेंटियर बृजबासी लाल शुक्ला, प्रसाद मौर्या, अरविन्द कुमार यादव और अनिल ने ग्रामीणों को विधिक जानकारी दी। संस्था के सचिव सच्चिदानंद शुक्ल, कोषाध्यक्ष राम कृष्ण पटेल, वालेंटियर अब्दुर रहीम व दिलीप वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में ग्राम पंचायत डारीडीहा के सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी सुजीत कुमार का विशेष सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment