बस्ती। प्रसिद्ध गांधीवादी विचारक एवं कला प्रसार समिति के पूर्व उपसभापति स्वर्गीय वंशीधर दूबे की पंद्रहवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गांधी कला भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। समिति के सचिव हरिस्वरूप दूबे एवं उपसभापति रश्मि दूबे के संयोजन में समिति पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा महात्मा गांधी की प्रतिमा को भी नमन किया।
इसके उपरांत आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने वंशीधर दूबे के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने गांधी कला भवन को केंद्र बनाकर आजीवन महात्मा गांधी के विचारों के प्रचार-प्रसार का कार्य किया। उन्होंने समाज में गांधीवादी मूल्यों को स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए और अंतिम समय तक जनजागरण से जुड़े रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए वीरेन्द्रनाथ पाण्डेय, अमरनाथ शुक्ला, देवानन्द पाण्डेय, शेषनाथ पाठक, अपूर्व शुक्ल एवं हरीश पाठक ने कहा कि वर्तमान में गांधी कला भवन विकास प्राधिकरण का कार्यालय बनने के बाद यह वैचारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र नहीं रह गया है, फिर भी वंशीधर दूबे का योगदान समाज और गांधीवादी विचारधारा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
समिति के सचिव हरिस्वरूप दूबे ने कहा कि वंशीधर दूबे के अधूरे सपनों को साकार करने और गांधीवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए कला प्रसार समिति का रचनात्मक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर यजत शुक्ल, पदमेश दूबे, गुरू प्रसाद शुक्ल, राजेश पाठक, पूजा, पूनम, सूर्यकान्त तिवारी, अरविन्द तिवारी, सुड्डू श्रीवास्तव, अमरनाथ शुक्ल सहित अनेक लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

No comments:
Post a Comment