<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, August 7, 2026

कांवड़ यात्रा से पहले अलर्ट हुआ प्रशासन, अमहट घाट पर सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक का लिया जायजा


बस्ती। आगामी श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम ने कुआनो नदी स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण दल में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएसी की मोटरबोट से अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, तेज बहाव और गहराई का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
रात्रि में निर्बाध आवागमन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमहट घाट, कांवड़ मार्ग, पार्किंग स्थल और स्नान घाटों पर हाईमास्ट एवं एलईडी फ्लड लाइट लगाने तथा बैकअप जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़ेदान उपलब्ध कराने, नियमित सैनिटाइजेशन और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, वाटर बूथ, क्रियाशील हैंडपंप, 24 घंटे मेडिकल बूथ, एम्बुलेंस तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक को कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारु यातायात के लिए रूट डायवर्जन लागू करने, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रशासन, पुलिस, पीएसी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages