बस्ती। थाना वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष एवं उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के निधन पर रविवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बस्ती, अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे सूर्य प्रकाश सिंह अपने हमराही व चालक को सिविल लाइन चौकी पर रुकने के लिए कहकर कचहरी के पास स्थित अपने आवास पर चले गए थे। शाम को बार-बार फोन किए जाने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर उनके साथ रहने वाले उपनिरीक्षक से जानकारी ली गई। आवास का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसे खोला गया, जहां सूर्य प्रकाश सिंह मृत अवस्था में पाए गए।
सूर्य प्रकाश सिंह ने 15 फरवरी 1988 को आरक्षी पद पर पुलिस सेवा शुरू की थी। वर्ष 2008 में हेड कांस्टेबल तथा वर्ष 2016 में वरिष्ठ सूची से उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए थे। वर्तमान में वह थाना वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे।
पुलिस लाइन में शोक धुन के बीच अधिकारियों और जवानों ने ‘शोक सलामी’ दी। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

No comments:
Post a Comment