<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, August 30, 2026

76 वर्षीय सिख यात्री का गोरखपुर में भव्य स्वागत

- पैदल भारत भ्रमण कर दे रहे एकता, समानता और भाईचारे का संदेश

गोरखपुर। धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन और देशभर में एकता, समानता, सद्भाव व भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से पैदल भारत भ्रमण पर निकले लुधियाना, पंजाब निवासी 76 वर्षीय सरदार हरमिंदर सिंह का रविवार को गोरखपुर पहुंचने पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा जटाशंकर में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया। प्रबंध समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

सरदार हरमिंदर सिंह ने वर्ष 2004 में पैदल यात्राएं करने का संकल्प लिया था। इसके बाद से वे देश के विभिन्न तीर्थस्थलों, मंदिरों और गुरुद्वारों की पैदल यात्रा कर लोगों को आपसी प्रेम, एकता, समानता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। अपनी पहली भारत भ्रमण यात्रा पूरी करने के बाद अब वे दूसरी बार इसी संकल्प के साथ पैदल यात्रा पर निकले हैं।

उनकी यात्राओं में पांचों तख्त साहिबों की नौ बार पैदल यात्रा, देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, अमरनाथ जी की दो बार यात्रा, अयोध्या की छह बार यात्रा, हेमकुंड साहिब के पांच बार दर्शन, नानकमत्ता साहिब की तीन बार तथा रीठा साहिब की तीन बार यात्रा शामिल है। गोरखपुर में यह उनका तीसरा आगमन है। एक यात्रा पूरी करने के कुछ ही दिनों बाद बिना विश्राम किए अगली यात्रा पर निकल पड़ना उनके दृढ़ संकल्प और साहस को दर्शाता है।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा जटाशंकर के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने बताया कि सरदार हरमिंदर सिंह सोमवार सुबह गुरुद्वारा जटाशंकर से तख्त श्री पटना साहिब, बिहार के लिए पैदल रवाना होंगे। पटना साहिब में दर्शन के बाद वे असम के रास्ते महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थस्थलों की ओर अपनी यात्रा जारी रखेंगे।

कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू ने किया। इस अवसर पर हरप्रीत सिंह साहनी, तेजिंदर सिंह, ज्ञानी राज सिंह, मंजीत सिंह भाटिया, अशोक मल्होत्रा, जसप्रीत सिंह सोनू, मनप्रीत सिंह खालसा, अमित सिंह, बेअंत सिंह, जसविंदर कौर, सुरेंद्र कौर, दुर्गा मृगवानी, दलजीत कौर, नवीन भल्ला, कुलदीप सिंह नीलू इंजीनियर, मिन्नत गौतम गोरखपुरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages