बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को जनपद आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने हाईवे पर भारी वाहनों के आवागमन के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगी। पुलिस के अनुसार डायवर्जन केवल भारी वाहनों पर लागू होगा, जबकि अन्य वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
यातायात व्यवस्था के तहत घघौवा में परसरामपुर और अयोध्या की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवाबगंज-कटरा-गोंडा-डुमरियागंज मार्ग की ओर भेजा जाएगा। छावनी से बस्ती की ओर आने वाले भारी वाहनों को रामजानकी मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। भिउरा में रामजानकी मार्ग से कप्तानगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कलवारी की तरफ भेजा जाएगा।
कलवारी चौराहे पर टांडा-कलवारी की ओर से फुटहिया की तरफ आने वाले भारी वाहनों को गायघाट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मनौरी में डुमरियागंज और बांसी से बस्ती की ओर आने वाले वाहनों को पॉलिटेक्निक की तरफ भेजा जाएगा। पॉलिटेक्निक चौराहे पर संतकबीरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गौरा तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन रुधौली, मनौरी, डुमरियागंज, बेवा चौराहा होते हुए उतरौला, बलरामपुर और गोंडा की ओर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
टेमा रहमत में संतकबीरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सेमरियावां की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं महदेवा चौराहे पर महदेवा अथवा सोनूपार की ओर से शहर क्षेत्र में आने वाले भारी वाहनों को महुली रोड, मुंडेरवा की तरफ भेजा जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित समय में डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
No comments:
Post a Comment