वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सोमवार देर रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भदौरिया भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
रातभर बाबा भदेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। अचानक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच पाकर कांवड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ अधिकारियों का स्वागत किया।
डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
देर रात तक मंदिर परिसर में अधिकारियों की मौजूदगी और कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा से भक्ति और उत्साह का माहौल और भी खास हो गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित ड्यूटी में तैनात अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment