वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता भारती के संयोजन में महादेवा विधानसभा क्षेत्र के कुदरहा विकासखंड के बरतनिया छोटी पुरवा में पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फूलन देवी के संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
सपा नेता गीता भारती ने कहा कि फूलन देवी ने सामाजिक अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया और विपरीत परिस्थितियों से निकलकर संसद तक पहुंचीं। तत्कालीन सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की भूमिका फूलन देवी को मुख्यधारा की राजनीति में लाने में महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि फूलन देवी का जीवन संघर्ष, साहस और विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
गीता भारती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक निषाद, पिछड़े, गरीब और उत्पीड़ित समाज को न्याय नहीं मिलता, तब तक फूलन देवी की प्रासंगिकता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है।
इस अवसर पर गीता भारती ने जरूरतमंद लोगों में वस्त्र का वितरण भी किया। कार्यक्रम में मो. स्वालेह, राजेन्द्र चौधरी, देवनाथ यादव, विवेक यादव विक्की, मान सिंह, गंगा यादव, विजय लक्ष्मी, प्रिया श्रीवास्तव, सावित्री सिंह, सुशीला देवी, राधा देवी, पिंकी सिंह, अवधेश निषाद, अजय निषाद, रामकेश निषाद, सीताराम निषाद, नागेन्द्र निषाद, महेन्द्र, रमेश, धर्मराज निषाद सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment