गोरखपुर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा महानगर की ओर से भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मौन जुलूस निकालकर वर्ष 1947 में विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और बलिदान झेलने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद एनेक्सी भवन सभागार में विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी, लाइव पेंटिंग एवं लघु फिल्म का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि नोएडा विधायक पंकज सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह तथा विधायक विपिन सिंह भी मौजूद रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पंकज सिंह ने कहा कि 14 अगस्त 1947 देश के इतिहास का वह दर्दनाक अध्याय है, जिसकी पीड़ा आज भी लाखों परिवारों की स्मृतियों में जीवित है। विभाजन के कारण बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और हजारों लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति संकल्प को मजबूत करने का दिन है।
उन्होंने कहा कि इतिहास की इस त्रासदी से देश को सीख लेकर ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए, जिसमें समाज में आपसी भाईचारा और राष्ट्रीय एकता हमेशा मजबूत रहे। विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले निर्दोष नागरिकों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी स्मृतियां देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती रहेंगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि विभाजन भारत के लिए गंभीर मानवीय त्रासदी थी। विस्थापन के दौरान बलिदान हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी स्मृतियां हमें सशक्त, संगठित और अखंड भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विधायक विपिन सिंह ने भी विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को इतिहास के इस अध्याय से अवगत कराना जरूरी है, ताकि देश की एकता और अखंडता के महत्व को समझा जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की, जबकि संचालन शशिकांत सिंह ने किया। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विशवजीताशू सिंह ‘आशू’, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष अमिता गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मौन जुलूस में अच्युतानंद शाही, इंद्रमणि उपाध्याय, ओम प्रकाश शर्मा, रणविजय शाही, दयानंद शर्मा, वीरेंद्र पांडेय, पदमा गुप्ता, जितेंद्र चौधरी, मनोज अग्रहरी, रजूला रावत, रणविजय सिंह मुन्ना, अनुपमा पांडेय, अवधेश अग्रहरी, दयाकृष्ण गुप्ता, अशोक गुप्ता, शिवम पांडेय, पवन यादव समेत महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मोर्चा पदाधिकारी शामिल रहे।
हर घर तिरंगा अभियान


No comments:
Post a Comment