<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, August 13, 2026

तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे विद्यार्थी, देशभक्ति नारों से गूंजा सिरौली गौसपुर


बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज सिरौली गौसपुर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी सिरौली गौसपुर अनिल कुमार सरोज ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम प्रधान मैकुलाल कनौजिया तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में उत्साहपूर्वक मनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। प्रधानाचार्य विजय कृष्ण यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करते हैं।
राष्ट्रीय कवि एवं शिक्षक प्रदीप महाजन और मनोज स्वतंत्र ने ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। बदोसराय थानाध्यक्ष राम अवतार सरोज ने राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान, राष्ट्रीय ध्वज और स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
- आज होगा चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ
अभियान के तहत 14 अगस्त को राजकीय इंटर कॉलेज सिरौली गौसपुर में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसका उद्घाटन प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के मंत्री सतीश चंद्र शर्मा करेंगे। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्र निर्माण और भारत की उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages