गाजियाबाद। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि यह अभियान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा, जबकि निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर नए एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
गाजियाबाद के सेंट्रल मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता में अशोक तंवर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। उत्तर प्रदेश में भी अभियान की शुरुआत हो चुकी है और एक माह के भीतर संगठनात्मक चयन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन में पदाधिकारियों के कामकाज और सक्रियता का रिकॉर्ड रखा जाएगा। प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। जो अध्यक्ष और कार्यकर्ता लगातार संगठन के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं निष्क्रिय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों से हटाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा।
- जिला, महानगर और फ्रंटल संगठनों में होगा चयन
अशोक तंवर ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला, महानगर और पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों में भी चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। बूथ और जमीनी स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयार है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को मजबूत कर पार्टी आगामी राजनीतिक गतिविधियों में पूरी ताकत के साथ उतरेगी। संगठन में पारदर्शिता, सक्रियता और जवाबदेही बढ़ाना अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अफरोज अली, हेमंत प्रधान, सतीश शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरसिंह जाटव, सुनील चौधरी, सुशांत गोयल, नवीन कुमार पाले, अश्वनी त्यागी, तरुण रावत, सुरेंद्र शर्मा, राजाराम भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment