गोरखपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित रैली का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुआ। महाप्रबंधक ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी नेबूलाल से हरी झंडी दिखवाकर रैली को रवाना कराया।
रैली सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम से शुरू होकर मोहद्दीपुर, पैडलेगंज और महाप्रबंधक कार्यालय होते हुए पुनः रेलवे स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, नरसा पदाधिकारी, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच, स्थानीय खिलाड़ी और रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर देशभक्ति नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। रैली से पूर्व प्रतिभागियों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment