वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता गोरखपुर
गोरखपुर। सहजनवा स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में बुधवार को अटेवा ब्लॉक सहजनवा का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण का विरोध और पेंशनविहीन कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष यादवेन्द्र यादव ने की। मुख्य अतिथि मेजर साकेत ने कहा कि पुरानी पेंशन की लड़ाई को सफल बनाने के लिए सभी पेंशनविहीन कर्मचारियों को एकजुट होना होगा तथा समाज के विभिन्न वर्गों का भी सहयोग लेना होगा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अटेवा के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे और जिला महामंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है और इसके लिए संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई से 15 अगस्त तक सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकालकर जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा जाएगा तथा 25 सितंबर को लखनऊ में विशाल रैली आयोजित की जाएगी।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम रानी ने कहा कि 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा में सहजनवा ब्लॉक से बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी भाग लेंगे। जिला उपाध्यक्ष राजकुमार ने भी पुरानी पेंशन को कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा बताते हुए आंदोलन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक संरक्षक दिग्विजय सिंह ने किया। सम्मेलन में विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment