वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना कप्तानगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को 3 किलो 100 ग्राम गांजा, 970 रुपये नकद, एटीएम कार्ड तथा एक टोयोटा इटियॉस लिवा कार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना कप्तानगंज की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैरोपुर गांव से आगे गैस एजेंसी की ओर से फरेंदा सेंगर बगीचे की तरफ एक कार से गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक की पहचान मनोज कुमार त्रिपाठी (33 वर्ष), पुत्र शिव प्रसाद त्रिपाठी, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से 3 किलो 100 ग्राम गांजा, 970 रुपये नकद तथा एक एटीएम कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को 5 अगस्त 2026 की रात करीब 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना कप्तानगंज में मु.अ.सं. 213/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद टोयोटा इटियॉस लिवा कार (संख्या यूपी 32 डीडब्ल्यू 9736) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

No comments:
Post a Comment