वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह में डी.फार्मा (डिप्लोमा इन फार्मेसी) की मेधावी छात्रा जयंती पासवान को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए महामहिम राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से उनके परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जयंती पासवान गोरखपुर जनपद के पीपीगंज क्षेत्र स्थित बढ़या चौक गांव की निवासी हैं। उनके पिता बलराम पासवान कैम्पियरगंज में ग्रामीण सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया।
बचपन से ही मेधावी रही जयंती ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर डी.फार्मा की पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों सम्मानित होना उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण बन गया।
अपनी इस सफलता पर जयंती पासवान ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता के त्याग और प्रेरणा के साथ-साथ डी.फार्मा विभाग के प्रोफेसर अभय मुरारी लाल वर्मा तथा विशाल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सहयोग और परिवार के विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
जयंती की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

No comments:
Post a Comment