<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, August 18, 2026

जनपद स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज ने दर्ज की जीत


बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में मंगलवार को जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की जिम्मेदारी शिव हर्ष उपाध्याय किसान इंटर कॉलेज, बस्ती को सौंपी गई थी। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर किया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों की पांच टीमों ने अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के आधार पर अंडर-19 और अंडर-17 बालक वर्ग की एक-एक टीम का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
उद्घाटन मुकाबला किसान इंटर कॉलेज भानपुर और राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के बीच खेला गया, जिसमें राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती की टीम ने जीत दर्ज की। मैच से पूर्व प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता जनपदीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव, प्रभाकर ओझा, संतोष कुमार पांडेय, माता प्रसाद त्रिपाठी एवं रमेश चंद्र गुप्ता की देखरेख में संपन्न हुई। जगन्नाथ यादव एवं राजकुमार यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
बुधवार को इसी स्टेडियम में मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें मंडल के तीनों जिलों की चयनित टीमें हिस्सा लेंगी। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर अपने जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शारीरिक शिक्षक चंद्र प्रकाश पांडेय ने किया। इस अवसर पर शिवम यादव, आशीष पटेल, जितेंद्र कुमार सिंह, अशोक कुमार सिंह, बलराम रोहिदास सहित विद्यालय के शिक्षक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages