गोरखपुर। गुलरिहा पुलिस ने म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि का लेनदेन करने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित लोगों को विश्वास में लेकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद संबंधित खातों की पासबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर उनका इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम मंगाने के लिए किया जाता था। मामले में तहरीर मिलने के बाद थाना गुलरिहा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार आरोपितों में रवि निषाद निवासी जंगल डुमरी नंबर एक, टोला रघुभगत, थाना गुलरिहा, विनय साहनी और आलोक साहनी निवासी मिर्जापुर रुस्तमपुर, थाना रामगढ़ताल तथा अंकित दूबे निवासी गायत्री नगर, थाना एम्स, गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 711/2026 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक राजमन यादव, उपनिरीक्षक आयुष द्विवेदी, उपनिरीक्षक रिसाग्र त्रिपाठी समेत गुलरिहा थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

No comments:
Post a Comment