चिल्लूपार (गोरखपुर)। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी की विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक में उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अस्मिता चंद ने बसपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। करीब 22 वर्षों तक भाजपा में सक्रिय राजनीति से जुड़ी रहीं अस्मिता चंद के बसपा में शामिल होने को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
बसपा की चिल्लूपार विधानसभा इकाई के तत्वावधान में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद घनश्याम चंद्र खरवार रहे, जबकि अध्यक्षता मुख्य मंडल प्रभारी डॉ. मदन राम ने की।
बसपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अस्मिता चंद ने पार्टी नेतृत्व और नीतियों में विश्वास जताते हुए वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करने का संकल्प व्यक्त किया। उनके पार्टी में शामिल होने की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
मुख्य अतिथि घनश्याम चंद्र खरवार ने कहा कि बसपा सामाजिक परिवर्तन और बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा युवाओं, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मदन राम ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बसपा की सरकार बनाने के लिए सर्वसमाज के लोगों को संगठन से जोड़ने का अभियान तेज किया जाएगा।
बैठक में सुरेश कुमार गौतम, ऋषि कपूर, कमलेश कुमार, अमरचंद दुबे, हरिप्रकाश निषाद, छविलाल यादव, जावेद सिमनानी, राम लगन गौतम, घनश्याम राही, धीरेंद्र मास्टर, परमेश्वर शर्मा, अशोक शुक्ला, मोहम्मद असलम, संजय राणा, रामू भारती, बृजेश कुमार, रणविजय चंद, देवेंद्र चंद, इंजीनियर मयंक आजाद, हरीलाल गौतम, शंभू पहलवान, प्रमोद राव, प्रभुनाथ प्रधान, महानंद गौतम, रामचंद्र, रविंद्र पहलवान, शैलेंद्र बौद्ध, प्रमोद कुमार, विनोद प्रधान और दीपू भारती सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment