जौनपुर। तहसील बदलापुर क्षेत्र के ग्राम नेवादा-मुखलिसपुर के ग्रामीण आजादी के करीब 80 वर्ष बाद भी पक्की सड़क की सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक एवं भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन सिंह सूर्यवंशी ने जिलाधिकारी जौनपुर को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि नेवादा-मुखलिसपुर गांव तक पहुंचने के लिए आज भी ग्रामीणों को खेतों की मेड़ों और कच्चे रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। खेतों में पानी भरने से गांव का संपर्क लगभग पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के अभाव में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में बारात और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में भी वाहनों का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। किसानों को अपनी फसल बाजार तक ले जाने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
ज्ञापन में कहा गया कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में गांव के हजारों लोग प्रभावित हैं। ग्रामीण लंबे समय से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। मोर्चा ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर उसरा बाजार से नेवादा-मुखलिसपुर गांव तक पक्की सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।
राजन सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि ग्रामीणों की यह समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और सामाजिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की, ताकि ग्रामीणों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिल सके।
कार्यस्थल : उसरा बाजार से नेवादा-मुखलिसपुर ग्राम तक, तहसील बदलापुर, जनपद जौनपुर।

No comments:
Post a Comment