संत कबीर नगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय महिला महाविद्यालय, खलीलाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आशाराम द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया तथा उच्च शिक्षा निदेशक के संदेश का वाचन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। सरस्वती वंदना आस्था गुप्ता, अंजना एवं वंदना ने प्रस्तुत की, जबकि रोशनी मौर्या, वंदना एवं रहनुमा खातून ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की मनोहारी प्रस्तुति दी।
समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बस्ती मंडल प्रो. जयप्रकाश सिंह ने कहा कि लंबे संघर्ष और अंतहीन त्याग के बाद देश को ब्रिटिश उपनिवेशी शासन से मुक्ति मिली। स्वतंत्रता के बाद हमारा प्रमुख कर्तव्य राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण और अपने कार्य को देशप्रेम एवं सेवा की भावना से करना है। उन्होंने कहा कि विविधता हमारी उपलब्धि है और इसमें अंतर्निहित एकता को सुरक्षित रखना हर पीढ़ी का कर्तव्य है। स्वतंत्रता दिवस अमर शहीदों को याद करने और उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का दिन है।
प्राचार्य प्रो. आशाराम ने कहा कि स्वतंत्रता के बिना मानव जीवन का कोई अस्तित्व नहीं है। राष्ट्र तभी आगे बढ़ेगा, जब देश के नागरिक अपने कर्तव्यों का भली-भांति निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. रोहित कुमार राय एवं डॉ. संतोष कुमार चंद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रेमचंद ने किया।
समारोह में डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. रोहित कुमार राय, डॉ. संतोष कुमार चंद, डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय एवं डॉ. प्रेमचंद सहित कर्मचारीगण श्रवण कुमार, नीलम श्रीवास्तव एवं सुनीता सिंह तथा महाविद्यालय की अधिकांश छात्राएं उपस्थित रहीं।
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

No comments:
Post a Comment