<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, August 21, 2026

मिशन खिलखिलाहट को मिली रफ्तार, चार गंभीर कुपोषित बच्चों को जिला कार्यक्रम अधिकारी ने लिया गोद

गोरखपुर। जनपद में गंभीर कुपोषित बच्चों को स्वस्थ एवं सुपोषित बनाने के लिए चलाए जा रहे मिशन खिलखिलाहट को लगातार गति मिल रही है। जिलाधिकारी दीपक मीणा की प्रेरणा एवं सतत निगरानी तथा मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी की देखरेख में विभागीय अधिकारी कुपोषित बच्चों की जिम्मेदारी लेकर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के लिए प्रयास कर रहे हैं।

मिशन के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बरगदवां क्षेत्र के चार गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों को गोद लिया। उन्होंने बच्चों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए नियमित निगरानी का संकल्प लिया।
विगत एक सप्ताह में जिले में 114 गंभीर कुपोषित बच्चों को अधिकारियों ने गोद लिया है। इनमें जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका सहित अन्य विभागीय अधिकारी शामिल हैं। बच्चों की नियमित वृद्धि, स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा गोद लिए गए बच्चों में अंशिका, लाडो, वैष्णवी और अर्पिता शामिल हैं। विभाग की ओर से बच्चों के परिवारों को संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और उचित पोषण व्यवहार की जानकारी भी दी जाएगी।
- परिवारों को भी किया जाएगा जागरूक
मिशन खिलखिलाहट का उद्देश्य केवल बच्चों को पोषण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें कुपोषण से स्थायी रूप से बाहर लाना है। इसके लिए बच्चों के साथ उनके परिवारों की भी लगातार काउंसलिंग और निगरानी की जाएगी। अधिकारियों का प्रयास है कि बच्चों की नियमित देखभाल, पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा कर उनके समग्र विकास को बेहतर बनाया जाए।
कार्यक्रम में यूनिसेफ के सुरेश तिवारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, क्षेत्रीय मुख्य सेविका शीला यादव, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां सपना चौहान एवं आशा पांडे सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने गंभीर कुपोषित बच्चों को स्वस्थ एवं सुपोषित बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।
मिशन खिलखिलाहट के माध्यम से विभागीय समन्वय और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए कुपोषण के खिलाफ अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages