बस्ती। अयोध्या धाम के महंत राजू दास जी महाराज के संबंध में टीवी डिबेट के दौरान कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बस्ती के माध्यम से सौंपा।
अधिवक्ता शिवशंकर श्रीवास्तव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हाल ही में एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा महंत राजू दास के संबंध में कथित रूप से अपशब्द एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी विभिन्न राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा वीडियो, संदेश एवं पोस्ट प्रसारित किए गए। ज्ञापन में कहा गया कि इससे सनातन समाज सहित विभिन्न वर्गों में रोष व्याप्त है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने संबंधित टीवी डिबेट और सोशल मीडिया पोस्ट की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ प्रचलित कानूनों के तहत वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
अधिवक्ता शिवशंकर श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी धर्म, संत-महात्मा या समाज के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश कुमार एडवोकेट, नबी मोहम्मद, ज्ञान प्रकाश शुक्ला एडवोकेट, धर्मेंद्र, विजयकांत सिंह एडवोकेट, बाबूराम सिंह, अजय गौतम एडवोकेट, रितुराज पाल एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment