वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने थाना कोतवाली खलीलाबाद एवं धनघटा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रकरणों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला अपराध, पॉक्सो अधिनियम तथा अन्य गंभीर मामलों में वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के प्रभावी संकलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा पीड़ितों को विवेचना की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले विवेचकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
समीक्षा के दौरान उपनिरीक्षक नन्दू गौतम के संबंध में नियमानुसार विभागीय जांच के आदेश दिए गए। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संतकबीरनगर पुलिस आमजन को त्वरित न्याय, पारदर्शी पुलिसिंग और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

No comments:
Post a Comment