<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, August 20, 2026

विद्यालयों में सफाईकर्मियों की दैनिक हाजिरी दर्ज कराने की मांग


बस्ती। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने और ग्रामसभाओं में तैनात सफाईकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद सिंह एवं जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विद्यालयों में सफाईकर्मियों की दैनिक हाजिरी दर्ज कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
शिक्षक संघ ने कहा कि ग्रामसभाओं में तैनात सफाईकर्मियों से संबंधित विद्यालयों में नियमित सफाई कराया जाना जरूरी है। कई विद्यालयों में सफाईकर्मियों के नियमित नहीं पहुंचने से परिसर, शौचालय और आसपास के क्षेत्रों की सफाई प्रभावित हो रही है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सफाईकर्मियों की उपस्थिति विद्यालय स्तर पर निर्धारित पंजिका में प्रतिदिन दर्ज कराई जाए और प्रधानाध्यापक अथवा प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा उपस्थिति व किए गए सफाई कार्य का प्रमाणीकरण कराया जाए। विद्यालय परिसर, शौचालयों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई के लिए सफाईकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाने की भी मांग की गई।
संगठन ने बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने अथवा सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले सफाईकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तथा मानदेय अथवा वेतन भुगतान से पूर्व वास्तविक उपस्थिति और कार्य का सत्यापन कराने की मांग की। शिक्षक संघ ने कहा कि स्वच्छ विद्यालय ही बच्चों को स्वस्थ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा सकते हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर तिवारी, उपाध्यक्ष गिरजेश चौधरी, जितेंद्र पाण्डेय, विवेक कांत पांडेय, अनिल पाठक, राम भवन, राम ललित, सुरेश गौड़, विनोद यादव, विवेक प्रताप सिंह, संजय यादव, चंदन श्रीवास्तव, अविनाश दुबे, सनद पटेल, प्रवीण श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, बृजेश त्रिपाठी, राम पियारे, अनूप सिंह, मुरलीधर, अखिलेश पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages