वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। माध्यमिक विद्यालयी जनपदीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज बस्ती में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न वर्गों में श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए।
जूनियर वर्ग एकल में श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज के सुमित ने राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के दीपक को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सीनियर एकल वर्ग में भी श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज के अभिषेक ने राजकीय इंटर कॉलेज के सूरज को हराकर खिताब अपने नाम किया।
जूनियर डबल वर्ग में श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज के साजिद और अशफाक की जोड़ी ने राजकीय इंटर कॉलेज के शिवम व सर्वेश की जोड़ी को पराजित किया। वहीं सीनियर डबल वर्ग में श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज के अभिषेक और आंशिक की जोड़ी ने राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के सैफ व रिषभ को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।
बालिका एकल वर्ग में श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज की अनुपम कुमारी विजेता रहीं, जबकि गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा की अमृता उपविजेता बनीं। बालिका डबल वर्ग में मुंडेरवा की खुशी और प्रतिभा की जोड़ी ने श्रीकृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज की खुशी व आंशी की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य योगेश शुक्ल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विजयी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के चौमुखी विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार को खेल भावना के साथ स्वीकार करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मनोयोग से तैयारी करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका खेल शिक्षक माता प्रसाद त्रिपाठी एवं प्रभाकर रंजन ओझा ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में सुनीता पाण्डेय, देवेन्द्र तिवारी, अजय कुमार, अमित यादव, संतोष पाण्डेय, अशोक कुमार पाण्डेय, कुंवर विकास सिंह, राजेश मणि त्रिपाठी, अमित त्रिपाठी, अरविन्द पाण्डेय एवं रमेश गुप्ता ने सक्रिय सहयोग किया।

No comments:
Post a Comment