बस्ती। आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जनपद के अतिसंवेदनशील कटरिया-चांदपुर तटबंध, गौरा-सैफाबाद तटबंध और उमरिया रिंग बंध का निरीक्षण कर बाढ़ बचाव एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील स्थलों को मजबूत करने के साथ तटबंधों की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
उमरिया रिंग बंध के किमी 0.400 और 0.700 पर बने स्पर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि घाघरा नदी की मुख्य धारा तटबंध से सटकर दबाव बना रही है। इसे देखते हुए बाढ़ बचाव कार्य कराए जा रहे हैं। आयुक्त ने पर्याप्त मात्रा में बचाव सामग्री उपलब्ध रखने और तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कटरिया-चांदपुर तटबंध के किमी 4.300 स्थित बाढ़ चौकी एवं स्टोर के निरीक्षण में परक्यूपाइन, ब्रिक रोड़ा, गैबियन रोप, ईसी बैग, जियो बैग और वायर क्रेट समेत आवश्यक सामग्री उपलब्ध मिली।
अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड-प्रथम ने बताया कि 14 अगस्त को सुबह आठ बजे शारदा, गिरिजा और सरयू बैराज का कुल डिस्चार्ज 2,12,154 क्यूसेक था। अयोध्या पुल पर घाघरा नदी का जलस्तर 92.540 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 19 सेंटीमीटर नीचे है।
आयुक्त ने आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त रिजर्व स्टॉक, टीएंडपी और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रिकालीन निगरानी के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और जनरेटर की व्यवस्था रखने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता गंडक बाढ़, अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्य खंड-प्रथम समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment