वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत थाना गौर की साइबर टीम ने एचएलवी इंटर कॉलेज, हलुआ बाजार में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम थानाध्यक्ष गौर के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया।
साइबर टीम में उपनिरीक्षक रेवती रमण यादव, कांस्टेबल दयानंद सिंह यादव तथा महिला आरक्षी प्रिया मिश्रा ने विद्यार्थियों को फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी, यूपीआई, क्यूआर कोड स्कैन, अज्ञात लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और ऑनलाइन लॉटरी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने और बिना सत्यापन के क्यूआर कोड स्कैन करने से भी बचें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की साइबर हेल्पलाइन 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई। साथ ही थाना गौर का सीयूजी नंबर 9454403111 भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया गया, ताकि साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से सहायता प्राप्त की जा सके। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाने की अपील की।

No comments:
Post a Comment