<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, August 8, 2026

जिला अस्पताल के निरीक्षण में डिप्टी सीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश


बस्ती। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को बस्ती दौरे के दौरान स्टेशन रोड स्थित होटल बालाजी प्रकाश में अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘आभार समर्पण एवं चिकित्सक सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनपद के चिकित्सकों को सम्मानित करते हुए उनके सेवा भाव और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
समारोह के बाद उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड सहित अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।
इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की सुविधा को देखते हुए उन्होंने एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, परिसर की रंगाई-पुताई कराने तथा साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने को कहा। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त संख्या में बेंच लगवाने के भी निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि रिक्त चिकित्सकीय पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि मरीजों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को असुविधा न हो और सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समयबद्ध एवं सुगमता से मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, एसआईसी डॉ. अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages