गोरखपुर। श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा, गोरखपुर के तत्वावधान में आगामी 9 अगस्त 2026 (रविवार) को सायं 5:00 बजे श्री चित्रगुप्त मंदिर सभागार, बक्शीपुर में "कायस्थ युवा समागम" का आयोजन किया जाएगा। समागम का उद्देश्य कायस्थ समाज के युवाओं में सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक चेतना का विकास करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सभा के अध्यक्ष राजेश चंद्रा श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाराणसी कैंट के विधायक सौरभ श्रीवास्तव होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव एवं सुप्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट मेजर डॉ. अभिनव श्रीवास्तव युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख एवं भाजपा नेता विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, सपा प्रवक्ता दीपक रंजन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव तथा प्रो. डॉ. वी.पी. श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, न्याय, उद्योग, साहित्य, समाजसेवा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कायस्थ समाज के 25 मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद "युवाओं का भारत और कायस्थ युवाओं की भूमिका" विषय पर विशेष गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें युवाओं की सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक एवं राष्ट्रीय विकास में भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं समाजजनों के लिए सहभोज का भी आयोजन रहेगा।
सभा अध्यक्ष राजेश चंद्रा श्रीवास्तव ने कहा कि यह समागम केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कायस्थ समाज के सभी युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में सभा के मंत्री सत्येंद्र श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक राहुल श्रीवास्तव, सहसंयोजक शिशिर मुकुल एवं हिमांशु श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment