गोरखपुर। समान अवसर, शिक्षा एवं रोजगार में निष्पक्षता, यूजीसी की नई नीतियों से विद्यार्थियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा एससी/एसटी अधिनियम की निष्पक्ष समीक्षा समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सोमवार को विश्वविद्यालय के निकट पंत पार्क में आरक्षण सुधार सत्याग्रह भारत से जुड़े नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक से पूर्व उपस्थित लोगों ने अमर शहीद क्रांतिकारी भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से शासन के समक्ष रखने के लिए 8 सितंबर 2026 को टाउन हॉल के निकट गांधी प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया जाएगा। सत्याग्रह का नेतृत्व अभियान संयोजक राम मूरत उपाध्याय, एडवोकेट करेंगे। कार्यक्रम के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से प्रभात धर दूबे को कार्यक्रम प्रभारी के रूप में सौंपी गई।
सत्याग्रह में शिक्षा में आरक्षण के स्थान पर संरक्षण, योग्यता आधारित रोजगार, वन-टाइम राजनीतिक आरक्षण, राष्ट्रीय मानव विकास सूचकांक आयोग के गठन, यूजीसी संशोधन विधेयक की वापसी, शिकायत प्रणाली के दुरुपयोग से विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा एससी/एसटी अधिनियम की निष्पक्ष समीक्षा सहित विभिन्न मांगें उठाई जाएंगी।
अभियान संयोजक राम मूरत उपाध्याय ने कहा कि अभियान किसी जाति या समुदाय के विरुद्ध नहीं है, बल्कि समान अवसर, न्यायपूर्ण व्यवस्था और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम प्रभारी प्रभात धर दूबे सहित अन्य लोगों ने आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से सत्याग्रह में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
बैठक के बाद अभियान संयोजक के नेतृत्व में पदयात्रा करते हुए सभी सदस्य जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां जिलाधिकारी को 8 सितंबर को प्रस्तावित सत्याग्रह के स्थान, कार्यक्रम और उठाई जाने वाली मांगों का विस्तृत विवरण देते हुए कार्यक्रम की पूर्व सूचना दी गई।
बैठक में अवधेश कुमार मिश्र, आलोक पाण्डेय, डीएन उपाध्याय, अपर्णाश त्रिपाठी, राज पाण्डेय, बामदेव शुक्ल, रमाकांत पाण्डेय, अशोक दूबे, प्रभात पाठक, अजय कुमार उपाध्याय, मुन्ना पाण्डेय, ओम प्रकाश मद्धेशिया, अजय मिश्र और अनुराग सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment