गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) पक्कीबाग, गोरखपुर में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन योग एवं दीक्षांत समारोह के साथ हुआ। शिविर में छात्र-छात्राओं को स्काउट-गाइड के सिद्धांतों के साथ विभिन्न जीवन-कौशल एवं कैंपिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के अंतिम दिन योग सत्र के बाद आयोजित समापन समारोह में स्काउट-गाइड की जिला सचिव रंजना राय, प्रशिक्षक अक्षांश मिश्रा, गौरव मिश्रा एवं अक्षांत तिवारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के सिद्धांतों की जानकारी देने के साथ विभिन्न प्रकार की उपयोगी गांठें बांधने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अंतिम दिवस पर विद्यार्थियों ने उन्नत स्तर की गांठों का अभ्यास किया। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी कैंपिंग, तंबू लगाने तथा भोजन तैयार करने की कला भी सिखाई गई। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों के कौशल का मूल्यांकन किया गया।
दीक्षांत समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने प्रशिक्षण में सफल 410 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने सफल आयोजन के लिए जिला सचिव रंजना राय एवं प्रशिक्षकों की टीम को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन आचार्या श्रीमती मंजरी यादव की देखरेख एवं संयोजन में हुआ। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य श्री राम केवल शर्मा, प्रशिक्षित छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment