<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, August 23, 2026

रसोइयों को 3 हजार रुपये मानदेय और कैशलेस इलाज का तोहफा: स्वतंत्र देव सिंह

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

गोरखपुर। जल शक्ति एवं जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मासूम बच्चों के लिए भोजन पकाने वाली रसोइयां केवल नौकरी या काम नहीं कर रहीं, बल्कि पावन ‘सेवा’ का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार रसोइयों के श्रम का पूरा सम्मान करती है। इसी सोच के तहत रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर 3,000 रुपये किया गया है और उनके परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कैशलेस इलाज का रक्षा-कवच भी उपलब्ध कराया गया है।

वह रविवार को हर्ष वाटिका, तारामंडल में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत विद्यालय रसोइयों के सम्मान एवं कल्याण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। समारोह में प्रभारी मंत्री ने जनपद गोरखपुर की 10 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से 3,000 रुपये मानदेय का चेक तथा मुफ्त एवं कैशलेस इलाज के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम से पूर्व लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय ‘रसोइयां सम्मान समारोह’ का सीधा प्रसारण गोरखपुर में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों की रसोइयों को 3,000 रुपये मानदेय का चेक और स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में सम्मानित रसोइया बहनों ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा की यह पहल उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह, विधायक विपिन सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक संगीता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages