वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे चित्रगुप्त सभा के अध्यक्ष ने यातायात चौराहे पर देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा को उसके स्थान से हटाए जाने और चौराहे के ध्वस्तीकरण की जानकारी दी। सूचना मिलते ही समाज के जागरूक लोगों के साथ बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। अधिवक्ता समाज के लोग भी धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि चौराहे के सुन्दरीकरण के नाम पर हटाई गई डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा को प्रस्तावित कार्ययोजना में शामिल कर उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित किए जाने का लिखित आश्वासन दिया जाए।
संयुक्त मंत्री विजय कुमार ने कहा कि पूर्व में भी प्रतिमा हटाने का प्रयास किया गया था। उस दौरान उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी, लेकिन प्रतिमा को हटने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इस बार भी प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि प्रतिमा के साथ किसी प्रकार की बेअदबी हुई और यातायात तिराहे के सुन्दरीकरण के बाद डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा पुनः स्थापित नहीं की गई तो बड़ा जनांदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक तथा मुख्य अभियंता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर आश्वासन दिया कि यातायात तिराहे के सुन्दरीकरण के बाद डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा को और अधिक भव्य स्वरूप में उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद लोगों ने अपनी मांग को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए रखने की बात कही।

No comments:
Post a Comment