वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। गोटवा स्थित पटेल एस.एम.एच. हास्पिटल एंड पैरा मेडिकल कॉलेज एवं रोटरी क्लब बस्ती ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सेवा 8 अगस्त से शुरू की गई है। यह सेवा 11 अगस्त तक जारी रहेगी। अस्पताल में कांवड़ यात्रियों के उपचार के लिए आठ बेड आरक्षित किए गए हैं और 24 घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध रहेगी। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
अस्पताल के प्रबंधक एवं रोटरी क्लब बस्ती ग्रेटर के अध्यक्ष डॉ. वी.के. वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सेवा का यह कार्य पिछले कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इस बार भी अस्पताल में चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और नर्सों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके।
डॉ. वी.के. वर्मा ने स्वयं कांवड़ यात्रियों को पानी, फल, बिस्कुट आदि वितरित कर उनकी सेवा की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल की ओर से हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
निःशुल्क चिकित्सा सेवा के संचालन में डॉ. आलोक रंजन, डॉ. आर.एन. चौधरी, डॉ. राजेश पटेल, डॉ. सी.एम. पटेल, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. चंदा सिंह, डॉ. लालजी यादव, डॉ. रितेश चौधरी के साथ रोटेरियन किशन गोयल, सुमिर गोयल, राजेश्वरी वर्मा, रामदयाल, महन्थराम, विकास चौधरी, डॉ. श्यामनरायन, शिव प्रसाद, मनीष, अमरेश चौधरी, धुवचन्द्र, शिवशंकर सहित अनेक स्वास्थ्यकर्मी कांवड़ यात्रियों की सेवा में योगदान दे रहे हैं।


No comments:
Post a Comment