बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद बस्ती के ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार की व्यवस्था को अधिक सम्मानजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पंचायत राज विभाग द्वारा अंत्येष्टि स्थलों का विकास तेजी से कराया जा रहा है। ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों के आधार पर उन स्थानों का चयन किया गया है, जहां परंपरागत रूप से शवदाह किया जाता रहा है। इन स्थलों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित कर ग्रामीणों को बेहतर अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान जनपद को कुल 32 अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण का लक्ष्य मिला। इनमें वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 16 स्थलों में से 15 का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 16 स्थलों में से 7 का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि शेष 9 स्थलों पर तेजी से कार्य जारी है। इस प्रकार अब तक कुल 22 अंत्येष्टि स्थल बनकर ग्रामीणों के उपयोग के लिए उपलब्ध हो चुके हैं।
इन स्थलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली असुविधाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। पहले जहां कई स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्था का अभाव था, वहीं अब पक्के प्लेटफॉर्म, सुरक्षित परिसर और आवश्यक सुविधाओं के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है।
पंचायत राज विभाग का उद्देश्य ग्रामीणों को जीवन की आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील व्यवस्था के लिए भी सम्मानजनक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे न केवल ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है, बल्कि सार्वजनिक स्थलों का सुव्यवस्थित विकास भी सुनिश्चित हो रहा है।
जनपद प्रशासन के अनुसार निर्माणाधीन शेष 10 अंत्येष्टि स्थलों का कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार सभी ग्राम पंचायतों में ऐसे स्थलों का विकास कर ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment