<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, August 19, 2026

मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत 132 स्कूली वाहन चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर परिवहन विभाग की ओर से संचालित मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत बुधवार को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में स्कूली वाहनों के चालकों के लिए नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), अयोध्या राजकुमार सिंह ने किया। शिविर में कुल 132 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला बाजपेई ने बताया कि मिशन के तहत स्कूली वाहनों की शत-प्रतिशत जांच, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस व चरित्र प्रमाण पत्र का सत्यापन तथा वाहनों में परिचर की तैनाती पर विशेष जोर दिया जा रहा है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने कहा कि वाहन की फिटनेस के साथ चालक की फिटनेस जांच भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ पांच वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए बताया कि स्कूली वाहन की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होनी चाहिए। वाहनों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार, सीसीटीवी, जीपीएस, स्पीड गवर्नर एवं फर्स्ट एड बॉक्स अनिवार्य रूप से उपलब्ध होने चाहिए।

उप परिवहन आयुक्त राजकुमार सिंह ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित घर से स्कूल तथा स्कूल से घर पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चालकों को एम-परिवहन ऐप के माध्यम से वाहन दस्तावेजों और लाइसेंस नवीनीकरण की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी।

शिविर में चिकित्सकीय टीम ने नेत्र परीक्षण के साथ ब्लड प्रेशर, शुगर एवं दांतों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। इस दौरान जगदीश प्रसाद मिश्र को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन एआरटीओ (प्रवर्तन) धर्मेंद्र कुमार के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।

No comments:

Post a Comment

Pages