- भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों ने उठाई मानवीय मांग
बस्ती। रविवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम के संस्थापक अध्यक्ष विवेकानन्द की पहल पर जिला संयोजक प्रमोद कुमार ओझा के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने कैशलेश चिकित्सा एवं एसबीआई एमओयू जैसी सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण मानवीय मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि शिक्षक अथवा स्टाफ के किसी निकटतम स्वजन के निधन की स्थिति में अंतिम संस्कार तथा आवश्यक पारिवारिक एवं धार्मिक संस्कारों के लिए 15 दिवस का विशेष अवकाश प्रदान करने की व्यवस्था की जाए।
टीचर्स सेल्फ केयर टीम के प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध 14 आकस्मिक अवकाश स्वजन के निधन जैसी अत्यंत दुखद परिस्थितियों में पर्याप्त नहीं होते। विशेष रूप से 13वें दिन होने वाले अंतिम संस्कार एवं अन्य पारिवारिक संस्कारों के कारण शिक्षकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
टीम ने भाजपा जिलाध्यक्ष से अनुरोध किया कि वे इस मानवीय एवं न्यायसंगत मांग को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएं, जिससे शिक्षक ऐसे कठिन समय में अपने पारिवारिक दायित्वों का सम्मानपूर्वक निर्वहन कर सकें। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने शिक्षकों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए उचित स्तर पर विषय रखने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला सह संयोजक अवधेश कुमार, रजनीश मिश्र, राहुल राव, लक्ष्मण लाल, विनय पाण्डेय, देवेंद्र यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment