गोरखपुर। खजनी थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार को 15 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त जितेन्द्र पासवान उर्फ लादेन को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि खजनी थाने से वांछित जितेन्द्र पासवान उर्फ लादेन बाघागाड़ा की ओर से जरलही पुल होते हुए उनवल की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जरलही पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अभियुक्त ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का दावा है कि आत्मसमर्पण के लिए ललकारने पर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए पीएचसी बांसगांव भेजा गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर खजनी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 266/2026 के तहत धारा 109(1), 317(2) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक कुल कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक खजनी जयन्त कुमार सिंह, एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी सुनील कुमार राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बिपिन सिंह, उनवल चौकी प्रभारी अविनाश कुमार सिंह, महुआडाबर चौकी प्रभारी आशीष यादव समेत थाना खजनी, एसओजी और एंटी थेफ्ट सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment