वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। रेलवे महिला कल्याण केंद्रीय संगठन, रेलवे बोर्ड नई दिल्ली के निर्देशानुसार अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली निबंध तथा ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से किया जाएगा। संगठन की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा बोरवणकर के मार्गदर्शन में अराजपत्रित रेल कर्मचारियों के पाल्यों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे बालिका इंटर कॉलेज, गोरखपुर में 13 सितंबर 2026 को निबंध प्रतियोगिता तथा 20 सितंबर 2026 को ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता के दिन प्रतिभागियों को सुबह 10 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। इनमें छह से नौ वर्ष के बच्चों को प्रथम वर्ग, 10 से 12 वर्ष के बच्चों को द्वितीय वर्ग तथा 13 से 15 वर्ष के बच्चों को तृतीय वर्ग में रखा गया है।
प्रतियोगिता के आवेदन पत्र गोरखपुर स्थित रेलवे अधिकारी क्लब, पूर्वोत्तर रेलवे सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पूर्वोत्तर रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल, पूर्वोत्तर रेलवे बालिका इंटर कॉलेज, स्वर्ण जयंती प्राथमिक विद्यालय बौलिया रेलवे कॉलोनी तथा नरवो डिज्नी वर्ल्ड स्कूल में उपलब्ध हैं। आवेदन पत्र के साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र 30 अगस्त 2026 तक अथवा उससे पहले उसी स्थान पर जमा करने होंगे, जहां से आवेदन पत्र प्राप्त किए गए हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को अपना पेन, पेंसिल, रबर, कलर बॉक्स आदि स्वयं लेकर आना होगा। प्रतियोगिता के दौरान केवल कागज की शीट आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

No comments:
Post a Comment