गोरखपुर। जनपद में बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और मानव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध ने की।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों, बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों (CWPO) और विवेचकों को किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 की धारा 74 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पहचान या उनके अभिलेख सार्वजनिक न किए जाएं।
समीक्षा के दौरान पोक्सो एक्ट के मामलों में बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने, विवेचना और अभियोजन को और प्रभावी बनाने, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति तथा मानव तस्करी की रोकथाम के लिए समन्वित कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों और विवेचकों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अपराध, बाल कल्याण समिति के सदस्य, समाज कल्याण अधिकारी, श्रम विभाग के प्रतिनिधि, डीसीआरबी प्रभारी विवेक मलिक, एएचटी थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार, समस्त थानों के बाल कल्याण अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

No comments:
Post a Comment