<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, July 21, 2026

महिला अपराधों की विवेचना में लापरवाही पर एसपी सख्त, धनघटा थाने के चार विवेचकों की जांच के आदेश


संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में गैंगस्टर अधिनियम एवं महिला संबंधी अपराधों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के लिए अर्दली रूम आयोजित किया। बैठक में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, विवेचक, हेड मोहर्रिर और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। एसपी ने लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।
समीक्षा के दौरान महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में शिथिलता पाए जाने पर थाना धनघटा के चार विवेचकों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि महिला उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार, अपहरण, छेड़खानी, हत्या तथा गैंगस्टर अधिनियम से जुड़े मामलों की विवेचना में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विवेचकों को वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, गवाहों के समयबद्ध बयान, विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर देते हुए यक्ष ऐप, ई-समन और एस-आईडी प्रणाली का प्रभावी प्रयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विवेचना अधिक पारदर्शी और त्वरित हो सके।
बैठक में जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, अपराध नियंत्रण तथा विवेचना कार्यों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की लगातार निगरानी कर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
आगामी सावन पर्व और अन्य त्योहारों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी, प्रभावी पैदल गश्त, निरोधात्मक कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने को कहा।
एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों और संगठित अपराधों में त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित कर पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages