बस्ती। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की बस्ती जिला इकाई ने बुधवार को जिलेभर में विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में पूर्व सांसद एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मंदिरों, आश्रमों एवं गुरुद्वारों में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा गुरुजनों, संतों और पुजारियों को अंगवस्त्र एवं धार्मिक पुस्तकें भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कंपनी बाग स्थित गुरुद्वारे में जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर ज्ञानी संदीप सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए। पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने भदेश्वर नाथ मंदिर और करण मंदिर में पुजारियों व गुरुजनों का सम्मान किया। पूर्व विधायक रवि सोनकर ने बाबा बेहिल नाथ मंदिर में पूजन-अर्चन किया, जबकि ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र सिंह ने तपोभूमि तपसी धाम में संतों का आशीर्वाद लिया।
इसी क्रम में अंकुर वर्मा ने रौता चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर, प्रमोद पांडे ने राव समय माता मंदिर, गौरव त्रिपाठी व दिव्यांशु दुबे ने महर्षि गुरु वशिष्ठ मंदिर (बढ़नी), डॉ. ममता पांडे ने बाबा निहाल दास कुटिया एवं देवरहा बाबा जन्मस्थली तथा बाल कृष्ण तिवारी 'पिंटू' ने हनुमानगढ़ी (गायघाट) में पूजन कर संतों का सम्मान किया। जिला मंत्री सुरेंद्र चौधरी सहित विद्यामणि सिंह, अखंड प्रताप सिंह, दिलीप पांडे, सुनील सिंह, वैभव पांडे और राकेश श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में पुजारियों व संतों का सम्मान किया।
जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम भाजपा के 'समरसता संकल्प अभियान' का हिस्सा है। अभियान के तहत बुधवार शाम जिले के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों के संत रविदास मंदिरों में एकत्र होकर संत शिरोमणि रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा 65 दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता का संकल्प लेंगे।

No comments:
Post a Comment