<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, July 19, 2026

विकसित भारत के लिए युवाओं को बनना होगा परिवर्तन का वाहक : केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


लखनऊ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय चौथे एवं अंतिम क्षेत्रीय चिंतन शिविर का रविवार को समापन हो गया। "विकसित युवा बनाएगा विकसित भारत" विषय पर आयोजित इस शिविर में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने युवा अधिकारियों से राष्ट्र निर्माण का उत्प्रेरक बनने का आह्वान किया।

राज्य मंत्री ने कहा कि युवा अधिकारी जमीनी स्तर पर कार्य करते हैं, इसलिए वे स्थानीय चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझते हैं और उनके व्यावहारिक समाधान खोजने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल अपने करियर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने माय भारत, अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना तथा फिट इंडिया अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिकारियों की सराहना की।

युवा कार्यक्रम विभाग के संयुक्त सचिव शिव रतन ने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों की माय भारत के साथ बढ़ती भागीदारी इस मंच की उपयोगिता को दर्शाती है। उन्होंने राज्य सरकारों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक राज्य की परिस्थितियों के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना चाहिए।

माय भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने अधिकारियों से युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व और सामुदायिक भागीदारी से जोड़ने के लिए नवाचार अपनाने का आह्वान किया। समापन दिवस पर विभिन्न कार्य समूहों ने नशा मुक्ति, फिट इंडिया, लैंगिक संवेदनशीलता, युवा नेतृत्व, सामुदायिक सहभागिता तथा माय भारत के सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं।

समापन सत्र में उत्तर प्रदेश को माय भारत में सर्वाधिक पंजीकरण कराने वाला राज्य घोषित कर सम्मानित किया गया, जबकि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव को युवा जनसंख्या के अनुपात में सर्वाधिक पंजीकरण के लिए सम्मानित किया गया। शिविर में प्राप्त सुझावों को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार माना गया।

No comments:

Post a Comment

Pages