गोरखपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा महानगर गोरखपुर की ओर से बुधवार को एनेक्सी भवन सभागार में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की, जबकि संचालन अभियान कार्यक्रम संयोजक डॉ. गिरिजेश दत्त पांडेय ने किया।
सम्मेलन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। यह कार्यक्रम 23 जून से 6 जुलाई तक चल रहे जयंती संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य विनोद पांडेय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने और डॉ. मुखर्जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अनुच्छेद 370 का कड़ा विरोध किया और जम्मू-कश्मीर के लिए अलग संविधान के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की। उनका प्रसिद्ध नारा ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे’ देश की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने शिक्षा और औद्योगीकरण को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव माना था। विधायक विपिन सिंह ने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीताशु सिंह ‘आशू’, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव, महामंत्री इन्द्रमणि उपाध्याय, ओमप्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, ब्लॉक प्रमुख शिव प्रसाद जायसवाल सहित महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment