बस्ती। जनगणना कार्य में लगे शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों के लंबित पारिश्रमिक भुगतान को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को जिले की सभी तहसीलों पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर सभी कार्मिकों के खातों में पारिश्रमिक नहीं पहुंचा तो संगठन उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।
जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह और जिलामंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया, लेकिन महीनों बाद भी पारिश्रमिक का भुगतान न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
बस्ती सदर, भानपुर, रुधौली और हर्रैया तहसीलों में बड़ी संख्या में शिक्षक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के श्रम का समय पर सम्मान होना चाहिए और भुगतान में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
भानपुर तहसीलदार ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सल्टौआ ब्लॉक के कार्मिकों का भुगतान मंगलवार को बैंक भेज दिया जाएगा, जबकि शेष ब्लॉकों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों का पारिश्रमिक भी अगले दो दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा।
हालांकि शिक्षक संघ ने साफ कर दिया कि यदि तय समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं हुआ तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

No comments:
Post a Comment