गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी (आरएसजेएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने पार्टी के देशव्यापी संगठन विस्तार अभियान एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर एक मजबूत, जनोन्मुखी और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है।
उन्होंने बताया कि पार्टी का संगठन राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, मंडल, जिला, महानगर, नगर, तहसील, ब्लॉक, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर तक विस्तारित किया जा रहा है। सभी स्तरों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि जनता की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके।
कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी द्वारा युवा, महिला, किसान, मजदूर, छात्र, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा सहित शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी, चिकित्सक, कर्मचारी, बुद्धिजीवी, आईटी एवं सोशल मीडिया, पर्यावरण, शिक्षा, एनजीओ, उद्योग एवं व्यापार तथा जनसेवा एवं समाज कल्याण प्रकोष्ठों का गठन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकताओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार सृजन, किसानों की आय में वृद्धि, महिलाओं का सशक्तिकरण, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, सामाजिक न्याय तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का संतुलित विकास शामिल है। आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी, जनसंवाद एवं जनसंपर्क अभियान चलाएगी और स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी का संकल्प ‘सबका सम्मान, सबका कल्याण’ के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास, न्याय और सम्मान पहुंचाना तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।

No comments:
Post a Comment