वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। थाना महुली में कंपनी नाथनगर पर तैनात होमगार्ड राजदेव चौधरी के 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर पुलिस परिवार की ओर से गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडे, वरिष्ठ उपनिरीक्षक परवेज अहमद, उपनिरीक्षक सोमनाथ मिश्रा, एसीसी जामवंत चौधरी, पीसी राकेश कुमार गुप्ता, कंपनी अधिकारी सहित थाना महुली के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, होमगार्ड एवं पीआरडी जवान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने राजदेव चौधरी के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन सदैव निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ किया। उनका सेवाभाव, सादगी, समयपालन और कर्तव्यपरायणता आने वाली पीढ़ी के पुलिस एवं होमगार्ड जवानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
अधिकारियों ने कहा कि वर्दी की वास्तविक पहचान केवल पद से नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनहित के प्रति निष्ठा से होती है। एक कर्मयोगी भले ही सेवा से सेवानिवृत्त हो जाए, लेकिन उसके उत्कृष्ट कार्य और आदर्श सदैव समाज एवं विभाग का मार्गदर्शन करते रहते हैं।
समारोह के दौरान पुलिस परिवार की ओर से राजदेव चौधरी को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय, दीर्घायु एवं आनंदमय जीवन की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

No comments:
Post a Comment