वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति, वरिष्ठ स्वर्ण आभूषण व्यवसायी एवं ऐशप्रा ग्रुप के मालिक अतुल सर्राफ को विश्वविद्यालय में 'प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस' (व्यावहारिक ज्ञान के प्रोफेसर) के पद पर नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर गोरखपुर अग्रहरी समाज के अध्यक्ष विमल अग्रहरी एवं महामंत्री सुशील अग्रहरी 'बबलू' ने संयुक्त बयान जारी कर अतुल सर्राफ को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे गोरखपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह निर्णय शिक्षा और व्यापार जगत के ऐतिहासिक संगम का प्रतीक है।
संयुक्त बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई शिक्षा नीति तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था अब केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह गई है। उद्योग, व्यापार और विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञों को विश्वविद्यालयों से जोड़कर छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अतुल सर्राफ के व्यापार, प्रबंधन एवं उद्यमिता के व्यापक अनुभव का लाभ गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और व्यावहारिक कौशल विकसित करने की प्रेरणा मिलेगी।
अग्रहरी समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अतुल सर्राफ की नियुक्ति न केवल समाज बल्कि पूरे गोरखपुर के लिए गर्व का विषय है और इससे शिक्षा एवं उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
No comments:
Post a Comment