वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित माटीकला टूल किट वितरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद संतकबीरनगर में लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के माटीकला उद्यमियों एवं पारंपरिक शिल्पकारों का समन्वित विकास कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत माटीकला उद्योग में अनुभव, तकनीकी ज्ञान तथा विपणन संबंधी जानकारी के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन सभाकक्ष में आयोजित चयन समिति की बैठक में 33 लाभार्थियों को विद्युत चालित चाक तथा 2 लाभार्थियों को पगमिल (कुल 35 लाभार्थी) प्रदान किए जाने के लिए चयनित किया गया।
उन्होंने बताया कि यह योजना परंपरागत कारीगरों एवं स्वरोजगार में रुचि रखने वाले पुरुष एवं महिला शिल्पकारों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके रोजगार को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी बस्ती मंडल आनंद कुमार शुक्ला, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीरज कुमार सिंह तथा ग्रामोद्योग विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment